दुनिया में इस साल अगर किसी ने सबसे ज्यादा कमाई की है, तो वे गौतम अडानी (Gautam Adani) हैं। अडानी की संपत्ति में इस साल सबसे अधिक इजाफा हुआ है। अडानी ग्रुप (Adani Group) के चेयरमैन इस समय एशिया के पहले और दुनिया के तीसरे सबसे अमीर व्यक्ति हैं। इसके अलावा इस साल एक और रेकॉर्ड गौतम अडानी के नाम हुआ है।
ब्लूमबर्ग के अनुसार, वे (Gautam Adani) इस साल एशिया के सबसे बिजी डीलमेकर रहे हैं। उन्होंने इस साल स्विस सीमेंट दिग्गज होल्सिम लिमिटेड की भारतीय यूनिट को 10 अरब डॉलर में खरीदा था। उन्होंने इस साल इसी तरह के कई सारे अधिग्रहण किये हैं।
ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार इस समय गौतम अडानी (Gautam Adani) की कुल संपत्ति 125 अरब डॉलर (10.34 लाख करोड़ रुपये) की है। वहीं, भारत के दूसरे सबसे अमीर शख्स मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) दुनिया के टॉप अरबपतियों की लिस्ट में नौवें स्थान पर हैं। रिलायंस इंडस्ट्रीज के मालिक की संपत्ति 88.2 अरब डॉलर (7.29 लाख करोड़ रुपये) है।
सिक्स्थ ब्लूमबर्ग 50 में टॉप पर रहे अडानी
साठ साल के अडानी ‘Sixth Bloomberg 50’ रिपोर्ट में टॉप पर हैं। इस रिपोर्ट में वे लोग फीचर होते हैं, जो बिजनस, पॉलिटिक्स, साइंस, टेक्नोलॉजी, फाइनेंस और एंटरटेनमेंट में शानदार काम करते हैं। अडानी की संपत्ति में इस साल 49 अरब डॉलर (40 खरब रुपये ) का इजाफा हुआ है। संपत्ति में इस बंपर उछाल के चलते अडानी बिल गेट्स और अमेजन के फाउंडर जेफ बेजोस से भी ऊपर चले गए हैं। दुनिया के सबसे अमीर लोगों की लिस्ट में अब उनसे ऊपर केवल एलन मस्क और बर्नार्ड अर्नाल्ट हैं।
डायमंड ट्रेडर के रूप में की थी शुरुआत
पहली पीढ़ी के उद्यमी, अडानी ने 1980 के दशक में मुंबई में एक हीरा व्यापारी के रूप में शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने एक एग्री-ट्रेडिंग फर्म की स्थापना की। इसके बाद के वर्षों में अडानी ने कोयला और बंदरगाह कारोबार में अपना दबदबा बनाया। इस समय वे डेटा सेंटर्स, ग्रीन एनर्जी, एयरपोर्ट्स, डिजिटल सर्विसेज, सीमेंट और मीडिया सेक्टर में अपने कारोबार को फैला रहे हैं। अडानी ग्रुप ने हाल ही में एक एक ओपन ऑफर के माध्यम से एनडीटीवी (NDTV) में अपनी हिस्सेदारी को बढ़ाकर 37% से अधिक कया है। इससे अडानी ग्रुप एनडीटीवी का सबसे बड़ा शेयरधारक बन गया है।
कुछ लोग उठाते हैं ये सवाल
हाल के सालों में अडानी ग्रुप के शेयरों में आई जबरदस्त तेजी पर कुछ लोग सवाल भी उठाते हैं। ये सवाल हाई डेट रेश्यो यानी अधिक कर्ज और लिमिटेड इन्वेस्टर बेस पर होते हैं। सितंबर में रिसर्च फर्म क्रेडिटसाइट्स ने अडानी ग्रुप के भारी-भरकम कर्ज पर सवाल उठाए थे। हालाँकि, कंपनी ने इन दावों को खारिज कर दिया है, अपने हाई लीवरेज (कर्ज लेकर कारोबार करना) को ‘हेल्दी’ बताया।
वेल्थ क्रिएशन में रिलायंस इंडस्ट्रीज को पीछे छोड़ा
मोतीलाल ओसवाल की एक रिपोर्ट के अनुसार, अडानी एंटरप्राइजेज और अडानी ट्रांसमिशन ने साल 2022 में अब तक एनुअल वेल्थ क्रिएशन के मामले रिलायंस इंडस्ट्रीज को पीछे छोड़ दिया। रिपोर्ट में बताया गया कि 2017-22 में अडानी एंटरप्राइजेज सबसे कंसिस्टेंट वेल्थ क्रिएटर के रूप में उभरा है। इसने पिछले पांच वर्षों में सेंसेक्स से बेहतर प्रदर्शन किया और 97% की उच्चतम सीएजीआर ऑफर की। यह कंपनी बेस्ट ऑल-राउंड वेल्थ क्रिएटर रही है। इसके बाद अडानी ट्रांसमिशन रही है।
जानिए कितनी है कंपनियों में हिस्सेदारी
फरवरी में अडानी ने मुकेश अंबानी को पीछे छोड़ दिया था और एशिया के सबसे अमीर शख्स बन गए थे। अप्रैल में उनकी संपत्ती 100 अरब डॉलर को पार कर गई थी। अडानी के पास अडानी टोटल गैस का 37%, अदानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन का 65% और अडानी ग्रीन एनर्जी का 61% हिस्सा है।